हरिद्वार। होली पर्व के चलते बहादराबाद क्षेत्र में शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दुकानों पर बियर समेत प्रति बोतल 10 से 15 रुपये तक अतिरिक्त राशि ली जा रही है। त्योहार की भीड़ और बढ़ती मांग का फायदा उठाकर खुलेआम ओवररेटिंग की जा रही है, जबकि रेट लिस्ट प्रदर्शित होने के बावजूद ग्राहकों से मनमानी वसूली हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग को कई बार मौखिक शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि त्योहार के दौरान विशेष जांच अभियान चलाकर ओवररेटिंग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उपभोक्ताओं का शोषण रोका जा सके।