हरिद्वार (गौरव कुमार) आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह करीब 4 बजे चमगादड़ टापू पार्किंग में छापेमारी की। इस दौरान एक कार से हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां बरामद की गईं। टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अक्षय निवासी सोनीपत (हरियाणा) और गीतिका निवासी पहलादपुरी (दिल्ली) के रूप में हुई है।
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर 11 सदस्यीय टीम ने रातभर घेराबंदी कर कार्रवाई की। कार के पहुंचते ही टीम ने दबिश देकर शराब की खेप बरामद कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी सोनीपत से शराब लेकर हरिद्वार सप्लाई के लिए आया था। शक से बचने के लिए उसने महिला को साथ बैठाया था। तलाशी के दौरान कार से कई फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं, जिससे तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
