HINDUSTAN NEWS TODAY, लक्सर (हरिद्वार)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम दाबकी कलाँ निवासी राकेश कुमार का एक बचत खाता चेक गुम होने के बाद किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उसे बैंक में जमा कर 1.50 लाख रुपये निकालने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
राकेश कुमार ने बताया कि उनका भारतीय स्टेट बैंक का चेक 15 सितंबर 2025 को कहीं गुम हो गया था। उसी दिन उन्होंने इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली लक्सर में दर्ज कराई थी तथा बैंक को भी चेक कैंसिल करने के लिए सूचित कर दिया था।
18 नवंबर 2025 को बैंक से उन्हें सूचना मिली कि गुम हुआ चेक बाउंस हो गया है। जांच करने पर पता चला कि कोई रूपेंद्र नाम का व्यक्ति उसी चेक को 13 सितंबर की तारीख डालकर भारतीय स्टेट बैंक की लक्सर शाखा में 1,50,000 रुपये जमा करने के लिए प्रस्तुत कर चुका है। चूंकि चेक पहले ही कैंसिल हो चुका था, इसलिए राशि ट्रांसफर नहीं हुई और चेक बाउंस हो गया।
पीड़ित राकेश कुमार का आरोप है कि रूपेंद्र (काल्पनिक नाम) ने जानबूझकर गुम हुए चेक का दुरुपयोग कर राशि हड़पने की कोशिश की तथा उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का भी प्रयास कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि युवक के खिलाफ चेक की चोरी व दुरुपयोग के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।