HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा सीट को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा के निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर को अपना पति बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने मंगलवार को हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए। उर्मिला ने दावा किया कि उन्होंने सुरेश राठौर के साथ गंधर्व विवाह किया है और अब इस विवाह को कोर्ट में रजिस्टर करवाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश राठौर ने उन्हें धोखे में रखकर शादी की और स्वयं को अविवाहित बताते हुए कहा था कि उनकी पत्नी मृत्यु को प्राप्त हो चुकी है तथा बच्चे उनके साथ नहीं रहते।
उर्मिला ने कहा कि उनके पूर्व पति मुकेश शर्मा से तलाक हो चुका है, जिसके बाद सुरेश राठौर से विवाह हुआ। उनके पास सुरेश राठौर के साथ कई फोटो और वीडियो मौजूद हैं, जो पूरी तरह मूल हैं। उन्होंने सुरेश राठौर पर धर्म के नाम पर कलंक लगाने और अमर्यादित आचरण का आरोप लगाया, जिसके कारण भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था।
उर्मिला ने घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में ज्वालापुर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। पहले वह सहारनपुर की रामपुर मनिहारन सीट से तैयारी कर रही थीं, लेकिन पार्टी के निर्देश पर अब ज्वालापुर से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने इसे “पति-पत्नी और सत्ता की लड़ाई” बताया और कहा कि विधायक बनकर जनता की सेवा करना उनका उद्देश्य है।
इससे दो दिन पहले सुरेश राठौर की पत्नी रविंद्र कौर, बहन कमला देवी, बेटी दीपिका, बेटा शिव प्रताप और अन्य परिजनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उर्मिला सनावर पर गंभीर आरोप लगाए थे। परिवार ने उर्मिला के दावों को पूरी तरह खारिज किया था।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और ज्वालापुर विधानसभा सीट राजनीतिक व व्यक्तिगत विवाद का केंद्र बनी हुई है।