HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। मंगलवार रात रानीपुर मोड़ स्थित विवेक विहार के द्वार पर खड़ी एक गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने बिना किसी देरी के पास की दुकानों से अग्निशमन यंत्र लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर शुरुआती काबू पा लिया, जिससे आग के फैलने का खतरा टल गया।
इसके बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मिलकर आग को पूरी तरह बुझा दिया। सौभाग्य से इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और न ही बड़ा नुकसान हुआ। पुलिस के अनुसार, गाड़ी लोहड़ी के कार्यक्रम के पास खड़ी थी, जिसके कारण आग लगी।
रानीपुर मोड़ पर घनी आबादी और बड़ा बाजार होने के कारण यदि आग गाड़ी के टैंक तक पहुंच जाती तो भीषण हादसा हो सकता था। पुलिस की सतर्कता, साहस और तत्परता ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया।