HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत जिले के बहादराबाद एवं नारसन ब्लॉक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए।
उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास खंड बहादराबाद के न्याय पंचायत शाहपुर शीतला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित शिविर में 1109 क्षेत्रवासियों को विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। 21 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 3485 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 150 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 58 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि यह अभियान ग्रामीणों की समस्याओं का उनके द्वार पर समाधान करने और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है। राज्य मंत्री सुशील सैनी ने जनप्रतिनिधियों से शिविरों की अधिक जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, विकास खंड नारसन के पंचायत भवन लाठरदेवा हुण में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 245 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया, 81 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 2209 लोगों ने भाग लिया। 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 26 का मौके पर निस्तारण हुआ।
देशराज कर्णवाल ने कहा कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना इसका मुख्य लक्ष्य है। दोनों शिविरों में कुल 1354 लाभान्वित, 102 प्रमाण पत्र जारी, 5694 प्रतिभागी, 201 शिकायतें दर्ज एवं 84 का मौके पर निस्तारण किया गया।