हरिद्वार (गौरव कुमार) कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने समीक्षा बैठक कर कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में मेलाधिकारी ने अस्थायी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यों के आगणन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रस्ताव तर्कसंगत और औचित्यपूर्ण होने चाहिए। उन्होंने वर्ष 2021 के कुंभ मेले की अवशेष सामग्री का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि अनावश्यक खर्च और दोहराव से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि कुंभ कार्यों की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक पखवाड़े में की जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी ने कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, श्रमिकों की उपस्थिति और कार्य प्रगति की नियमित रिपोर्ट देने तथा थर्ड पार्टी से गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश भी दिए।
सीसीआर-2 भवन निर्माण को गति देने के लिए दो पालियों में कार्य कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।