हरिद्वार में आरटीओ का निरीक्षण: बिना लाइसेंस सेकंड हैंड कार डीलरों पर कार्रवाई, 100 से अधिक वाहनों की ओनरशिप ट्रांसफर रोकी,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) निखिल शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को आरटीओ कार्यालय परिसर एवं आसपास की प्रवेश व्यवस्था व सुरक्षा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में टीटीओ वरुणा सैनी, भारत भूषण एवं मुकेश भारती शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी रोकने के सख्त निर्देश दिए गए। प्रवेश द्वार पर तैनात कर्मचारियों को आदेश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति आगंतुक रजिस्टर में नाम, मोबाइल नंबर एवं आने का उद्देश्य दर्ज किए बिना परिसर में प्रवेश न कर सके। प्रवेश रजिस्टर की भी गहन जांच की गई।
निरीक्षण दल ने शहर में संचालित सेकंड हैंड वाहन डीलरों का भी औचक निरीक्षण किया। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार सेकंड हैंड वाहनों का व्यापार करने के लिए वैध डीलर लाइसेंस अनिवार्य है।
जांच में कुल 5 सेकंड हैंड कार डीलरों की पड़ताल की गई, जिनमें केवल एक डीलर (मारुति ट्रू वैल्यू) के पास वैध लाइसेंस मिला। शेष चार डीलर बिना लाइसेंस के ही वाहन खरीद-फरोख्त कर रहे थे। इन अवैध डीलरों के परिसरों में 100 से अधिक वाहन खड़े पाए गए।
नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी अवैध डीलरों के वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया, जिससे इनकी ओनरशिप ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी तरह रोक दी गई है। संबंधित डीलरों को नोटिस जारी कर विभाग से वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही व्यापार करने के निर्देश दिए गए हैं।
एआरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!