मुनस्यारी के उमरगड़ा में इनोवा खाई में गिरी, तीन की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बगांपानी क्षेत्र के उमरगड़ा के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे वाहन से सभी घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र भट्ट को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में लक्ष्मण सिंह (30) पुत्र राम सिंह निवासी घुरतोली मुनस्यारी, अंकित पांडे (30) पुत्र बसंत पांडे तथा आयुष पंत (26) पुत्र नरेंद्र पंत निवासी ताकना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देवेंद्र भट्ट (25) पुत्र स्वर्गीय परमानंद भट्ट निवासी उत्सव ग्रह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुनस्यारी प्रदीप यादव, कोतवाली मुनस्यारी के नीरज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आ रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!