उपनल कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना: नियमितीकरण की मांग तेज, -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। उत्तराखंड के उपनल कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित हैं और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। यह हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही, जिसमें कर्मचारियों ने देहरादून के परेड ग्राउंड में धरना शुरू किया है। उनकी प्रमुख मांग है कि राज्य सरकार उनके नियमितीकरण के लिए शासन आदेश जारी करे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे धरना जारी रखेंगे। इस बीच, दो उपनल कर्मचारी भूख हड़ताल पर भी बैठ गए हैं।

उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के 2018 के आदेश के बावजूद न तो कर्मचारियों को नियमित किया गया और न ही उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जा रहा है। गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी घोषणाओं पर अमल करने और नियमितीकरण का शासन आदेश जारी करने की मांग की।

उपनल कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विभिन्न विभागों में उनकी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे उन्हें मजबूरन हड़ताल और धरना जैसे कदम उठाने पड़ रहे हैं। धरने में शामिल कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!