रुद्रप्रयाग। जिले के अगस्त्यमुनि विकास खंड की न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रावाणी गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। मंगलवार शाम लगभग 5 बजे, 5 वर्षीय बालक दक्ष को उसके घर के आंगन में स्थित शौचालय के पास से एक गुलदार ने उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के समय बच्चे की मां पास ही खड़ी थीं, जिनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक गुलदार बच्चे को लेकर जंगल में गायब हो चुका था।
ग्रामीणों ने तुरंत बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा होने और जंगली इलाके के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्चे के परिजनों और गांव वालों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को अवगत कराया गया है। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच और खोज अभियान चला रही है। टीम ने जाल बिछाने और अन्य उपायों से गुलदार को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद सिंद्रावाणी और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे बच्चे और महिलाओं के बाहर निकलने में डर लग रहा है। वन अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है। जांच जारी है, और बच्चे की तलाश में सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।