हरिद्वार(गौरव कुमार) विकासखंड चंबा (थौलधार) के सुल्याधार क्षेत्र के ग्राम नकोट की 26 वर्षीय लक्ष्मी देवी पत्नी बबलू शनिवार को दोपहर करीब दो-ढाई बजे गांव से आधा से पौने किलोमीटर दूर बगदरी खाला नामक जंगल में लकड़ी काटने गई थीं। वह दो अन्य महिलाओं के साथ थीं। लकड़ी काटते समय अचानक झाड़ियों में छिपे भालू ने लक्ष्मी देवी पर हमला बोल दिया। भालू ने महिला के चेहरे, सिर और आंख पर गंभीर हमला किया, जिससे उनके चेहरे पर गहरे घाव आ गए और आंख बुरी तरह प्रभावित हुई।
महिला के चिल्लाने पर साथ वाली महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे भालू भाग गया। भयभीत महिलाओं ने तुरंत गांव में सूचना दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को किसी तरह सड़क तक पहुंचाया और आपातकालीन 108 एम्बुलेंस सेवा से जिला चिकित्सालय बौराड़ी ले गए।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि महिला के चेहरे और सिर पर काफी गहरे घाव हैं। आंख पर भी गंभीर जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स (ऋषिकेश) रेफर कर दिया गया है। महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।