धामी सरकार की निगरानी में रफ्तार पकड़ा हरिद्वार का पीएम यूनिटी मॉल, 46 प्रतिशत काम पूरा

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में हरिद्वार में प्रस्तावित पीएम यूनिटी मॉल परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सचिवालय में आवास सचिव डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि अब तक करीब 46 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा 160.57 करोड़ रुपये की लागत से इस मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। फरवरी 2023 में घोषित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सरकार की प्राथमिकता में रखा गया है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

पीएम यूनिटी मॉल को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत देशभर और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के पारंपरिक उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है।

मॉल में 56 दुकानों के साथ तीन मल्टीप्लेक्स भी बनाए जाएंगे, जिससे यह व्यापार के साथ-साथ मनोरंजन और पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से हरिद्वार में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!