हरिद्वार पुलिस ने चोरी की 14 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, चार शातिर चोर गिरफ्तार,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन वारदातों से नाराज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने चोरियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण कर क्राइम ग्राफ तैयार किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाए।

मंगलवार गोपनीय सूचना पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों—सौरभ (21 वर्ष, बहादराबाद) और संजय (25 वर्ष, सलेमपुर)—को पकड़ा। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल (मु.अ.सं. 623/2025, धारा 303(2) BNS) बरामद हुई, जो हरिद्वार ग्रीन सोसाइटी से चुराई गई थी। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों सुनील कुमार (30 वर्ष, बिजनौर) और अक्षय उर्फ टाइगर (23 वर्ष, लक्सर) का नाम बताया, जो पेंटागॉन मॉल के पीछे कूड़े के ढेर के पास टीन शेड में चोरी के वाहनों की रखवाली कर रहे थे।

पुलिस की दूसरी दबिश में सुनील और अक्षय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहां से 13 और मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिससे कुल बरामदगी 14 वाहनों की हो गई। इनमें हीरो स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर, यामाहा MT-15, TVS अपाचे और HF डीलक्स आदि शामिल हैं। कुछ वाहनों के चेसिस व इंजन नंबर घिसे होने से डिटेल नहीं मिल पाई, लेकिन ई-चालान मशीन से कई मालिकों की पहचान हो गई, जिनमें हरिद्वार, देहरादून, बरेली और कुरुक्षेत्र के निवासी हैं। संबंधित थानों में पहले से दर्ज चोरी के मुकदमों की पुष्टि की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय आदतन अपराधी है, जिसकी लंबी हिस्ट्रीशीट है, जिसमें आर्म्स एक्ट, NDPS, गुंडा एक्ट और वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य तीनों पर भी वाहन चोरी से जुड़े मुकदमे चल रहे हैं।

यह कार्रवाई थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने की। इस सफलता से 14 परिवारों को उनकी चोरी हुई मोटरसाइकिलें वापस मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!