कार्रवाई : हरिद्वार पुलिस ने दो चेन स्नैचरों को पकड़ा, कई वारदातें कबूल कीं,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कनखल पुलिस ने दो कुख्यात चेन स्नैचरों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करते थे और नशे की लत पूरी करने के लिए ये वारदातें करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम मिश्रा निवासी हनुमान नगर बेहट, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उ.प्र.) तथा चांद अजमल पुत्र असलम निवासी हुसैन बस्ती, संजय बिहार कॉलोनी, थाना मंडी, सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।

20 सितंबर 2025 को जमालपुर की मधु बिहार कॉलोनी में तथा 4 अक्टूबर 2025 को मिश्रा गार्डन कनखल में दो अलग-अलग चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में मोटरसाइकिल सवार दो युवक बहाना बनाकर आए और महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। इन घटनाओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और डिजिटल-साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया। 5 दिसंबर को बैरागी कैम्प क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में उन्होंने हरिद्वार, रुड़की और सहारनपुर क्षेत्र में कई चेन स्नैचिंग करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में छीनी गई सोने की चेनें भी बरामद कर लीं।

मुख्य आरोपी शुभम मिश्रा का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ रुड़की, गंगनहर, देहरादून और कनखल में चेन स्नैचिंग व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी चांद अजमल की आपराधिक पृष्ठभूमि की पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तारी थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत के नेतृत्व में व0उ0नि0 सतेन्द्र भंडारी, उ0नि0 सुधांशु कौशिक, का0 दीपक चौधरी, उमेश सिंह व प्रलव चौहान की टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!