हरिद्वार: लक्सर फ्लाईओवर गोलीकांड का 24 घंटे में खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार, लापरवाही में एक उपनिरीक्षक समेत तीन निलंबित

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में 24 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण में गठित विशेष पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के जंगलों से गिरफ्तार किया।

घटना की जानकारी के अनुसार, रुड़की जेल में बंद कुख्यात अपराधी विनय त्यागी को लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। लक्सर फ्लाईओवर पर पुलिस वाहन पहुंचते ही बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें विनय त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गया तथा सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी सनी यादव उर्फ शेरा काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था। दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। विनय त्यागी द्वारा सनी को जान से मारने की धमकी देने पर सनी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की भावना से यह वारदात अंजाम दी। सनी को जानकारी थी कि 24 दिसंबर को विनय त्यागी की लक्सर कोर्ट में पेशी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  1. सनी यादव उर्फ शेरा (28 वर्ष), पुत्र कमल सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, उधम सिंह नगर।
  • आपराधिक इतिहास: हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती आदि में शामिल (क्राइम नंबर 27/12 एवं 630/23 आदि)।
  1. अजय (24 वर्ष), पुत्र कुंवर सैन, निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना काशीपुर, उधम सिंह नगर।
  • आपराधिक इतिहास: डकैती मामले में शामिल (क्राइम नंबर 630/23)।

पुलिस ने दोनों से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार बरामद किए, जिसमें एक 315 बोर तमंचा (एक जिंदा कारतूस सहित) एवं एक 32 बोर पिस्तौल (दो जिंदा कारतूस सहित) शामिल हैं। दोनों पूर्व में काशीपुर में डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP हरिद्वार प्रमेंद्र डोभाल ने त्वरित कार्रवाई की। पेशी के दौरान सुरक्षा में हुई चूक और लापरवाही के लिए प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए एक उपनिरीक्षक (SI) और दो कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। SSP ने स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!