हरिद्वार : सभी राशन कार्डधारकों के लिए 30 नवंबर तक ई-केवाईसी अनिवार्य, मोबाइल नंबर सीडिंग भी जरूरी,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार ने आज एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक विज्ञप्ति जारी कर जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों को चेतावनी दी है कि 30 नवंबर 2025 तक ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) तथा राशन कार्ड में मोबाइल नंबर की सीडिंग अनिवार्य रूप से करानी होगी। यह निर्देश उत्तराखंड शासन के आदेश पर जारी किए गए हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी राशन कार्ड धारक तुरंत अपने नजदीकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान (राशन की दुकान) पर जाएं और वहां उपलब्ध ई-पॉश मशीन पर अपना बायोमेट्रिक (उंगली का निशान) देकर ई-केवाईसी पूर्ण कराएं। साथ ही अपना मोबाइल नंबर भी राशन कार्ड से लिंक (सीडिंग) करवाना जरूरी है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि 30 नवंबर 2025 तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर संबंधित राशन कार्ड या यूनिट को अस्थायी रूप से निष्क्रिय (ब्लॉक) किया जा सकता है, जिससे राशन प्राप्त करने में दिक्कत आएगी।

इस कार्य को समय से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों तथा पूर्ति निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे इस विज्ञप्ति को अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा राशन दुकानों पर अनिवार्य रूप से चस्पा करवाएं। जिला सूचना अधिकारी से भी अनुरोध किया गया है कि इसे समाचार पत्रों व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में निःशुल्क प्रसारित करवाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!