HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चकबंदी विभाग के उन अधिकारियों व कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया है, जो एक ही स्थान पर लंबे समय से जमे हुए थे। प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित करने और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से यह कार्रवाई बताई जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार कुल 23 अधिकारियों-कर्मचारियों का जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानांतरण किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- 06 सहायक चकबंदी अधिकारी (ACO)
- 13 चकबंदीकर्ता (Consolidator)
- 01 चकबंदी लेखपाल
- 03 कनिष्ठ सहायक
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश का हवाला दिया है। इसमें कहा कि जो अधिकारी-कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं, उनका स्थानांतरण अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि प्रशासनिक कार्यों में निष्पक्षता व पारदर्शिता बनी रहे और आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ अधिकारी-कर्मचारी वर्षों से एक ही स्थान पर जमे होने के कारण अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं कर रहे, जिससे चकबंदी संबंधी कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही थी तथा किसानों व आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इन शिकायतों के मद्देनजर यह बड़े स्तर पर स्थानांतरण किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी स्थानांतरण प्राप्त अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि नए कार्यक्षेत्र में पहुंचकर जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय कार्यों में लापरवाही या जनता से कोई शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।