HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। बुधवार सुबह एक गुलदार ने 48 वर्षीय व्यक्ति पर अचानक हमला कर उसकी जान ले ली। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। घटना पौड़ी गढ़वाल जिले के दूरस्थ गजल्ड गांव में हुई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने वन कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया और जिलाधिकारी डॉ. स्वाति एस. भदौरिया तथा गढ़वाल डीएफओ को तुरंत मौके पर बुलाने की मांग की। इसी दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी के पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने वन मंत्री सुबोध उनियाल व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कराने को कहा, लेकिन फोन न उठने से आक्रोश और भड़क गया। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रहे गुलदार हमलों के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक DM व DFO नहीं आते, वन कर्मियों को नहीं छोड़ा जाएगा। स्थिति बेकाबू देख जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने उनके सामने सड़क जाम कर लेट गए। DM ने आश्वासन दिया कि मानव भक्षक गुलदार को नष्ट करने के लिए शूटर भेज दिए गए हैं तथा मृतक परिवार को तत्काल राहत व हरसंभव सहायता दी जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और वन कर्मियों को छोड़ा गया। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस-प्रशासनिक बल तैनात है।
गुलदार ने एक और को बनाया निवाला, बेकाबू हुए ग्रामीण: वन कर्मचारियों को बंधक बनाया, विधायक के सामने नारेबाजी, डीएम ने संभाला मोर्चा,