रातों-रात उजड़ा हरा-भरा बाग: अब्दुल कलाम चौक के पास 71 आम के पेड़ कटे, पूर्व विधायक के बेटों पर मुकदमा

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) अब्दुल कलाम चौक के पास रविवार रात आम के हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर सोमवार को उद्यान सचल दल केंद्र नारसन की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां कुल 71 आम के पेड़ कटे हुए पाए गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने बाग में बड़ी संख्या में कटे हुए आम के पेड़ देखे। इसके बाद उन्होंने तुरंत उद्यान विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर केंद्र नारसन के प्रभारी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यह बाग मंगलौर क्षेत्र से बसपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय सरवत करीम अंसारी के तीन पुत्रों के नाम दर्ज है।

प्राथमिक जांच के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तीनों पुत्रों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उद्यान विभाग ने भी बिना अनुमति पेड़ों की कटाई को नियमों का उल्लंघन बताया है।

इस घटना के बाद पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हरे-भरे पेड़ों की इस तरह कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!