HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के चौथे दिन विकास खंड रुड़की एवं लक्सर के न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए।
विकास खंड रुड़की के न्याय पंचायत भौरी की ग्राम पंचायत भौरी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में शिविर संपन्न हुआ। यहां क्षेत्रीय जनता ने विभिन्न विभागों से संबंधित 62 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष को संबंधित विभागों को त्वरित निपटारे हेतु प्रेषित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का तत्परता से निस्तारण सुनिश्चित करें तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को उनके द्वार पर ही उपलब्ध हो।
इसी क्रम में विकास खंड लक्सर के न्याय पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर के बारातघर महतोली में उप जिलाधिकारी लक्सर सौरभ असवाल की अध्यक्षता में दूसरा शिविर आयोजित हुआ। यहां 30 समस्याएं दर्ज हुईं, जिनमें से 21 का मौके पर समाधान किया गया तथा शेष को संबंधित विभागों को भेजा गया। उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
दोनों शिविरों में कुल 92 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 33 का मौके पर निस्तारण हुआ। विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। राजस्व विभाग ने 12 आय/जाति प्रमाण-पत्र जारी किए, ग्रामीण विकास विभाग ने 16 मनरेगा जॉब कार्ड बनाए, पंचायती राज विभाग ने 28 जन्म प्रमाण-पत्रों में संशोधन किया। कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, आयुष, पशुपालन, ऊर्जा, आपदा प्रबंधन, भेषज एवं उद्यान विभागों ने भी योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभ प्रदान किए।
शिविरों में कुल 1305 लोग उपस्थित हुए। 706 आवेदन विभिन्न प्रमाण-पत्रों हेतु भरे गए तथा 313 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
रुड़की शिविर में ग्राम प्रधान अभिषेक कुमार, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव, तहसीलदार विकास अवस्थी, खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। लक्सर शिविर में खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक संजय गुप्ता एवं ग्राम प्रधान महतोली उपस्थित रहे।
जन सुझावों व शिकायतों पर अमल: सरकार की योजनाएं पहुंची गांव के द्वार