स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

Listen to this article

लक्सर (हरिद्वार)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में विभिन्न सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में लगातार हो रही चोरियों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों समेत चार शातिर चोरों को दबोचकर चोरी के लगभग 3.50 लाख रुपये कीमत के सामान को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के भूरना गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, भूरनी गांव प्राथमिक विद्यालय और किसान इंटर कॉलेज भूरनी में अलग अलग दिनों में चोरी की चार घटनाएं हुई थीं। चोर घने कोहरे और एकांत का फायदा उठाकर स्कूलों-आंगनबाड़ी केंद्रों को निशाना बनाते थे। वे नकबजनी शैली में चोरी करके सामान छिपा लेते और बाद में बेचने की फिराक में रहते थे।

प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। चेहरों की शिनाख्त के साथ मैनुअल पूछताछ और गहन सुरागरसी से चार आरोपियों की पहचान हुई। शनिवार अल सुबह पुलिस ने लक्सर क्षेत्र में छापेमारी कर चारों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रोहित उर्फ लिला पुत्र विजय पाल, अजीत पुत्र सुरेश पाल, सोहित पुत्र शीशपाल निवासीगण ग्राम भूरना और गगन पुत्र श्याम सिंह, ग्राम दाबकी कला को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर डेल लैपटॉप, दो लेनोवो टैबलेट, एलईडी टीवी, पांच भारत गैस सिलेंडर, ईपीएसओएन प्रिंटर, म्यूजिक एम्पलीफायर, बैट्स, बैडमिंटन रैकेट, फुटबॉल, गैस चूल्हे, प्रेशर कुकर, चावल की बोरी बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!