पूर्व विधायक सुरेश राठौर का पलटवार : वायरल ऑडियो को बताया एआई से बना फर्जी, अभिनेत्री के खिलाफ पुलिस में तहरीर

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार।। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप, जो अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक भाजपा नेता का नाम सामने आने पर सुरेश राठौर ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने इसे अपनी आवाज का एआई तकनीक से क्लोन किया गया फर्जी ऑडियो करार दिया और अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राठौर ने स्पष्ट किया कि वायरल ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दुरुपयोग कर उनकी आवाज कॉपी की गई है, ताकि उनकी राजनीतिक व सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई जा सके। राठौर ने अभिनेत्री पर जानबूझकर बदनाम करने का इल्जाम लगाते हुए ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने मांग की कि फर्जी ऑडियो की साइबर जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। यह विवाद वर्षों पुराना है। अभिनेत्री खुद को राठौर की दूसरी पत्नी बताती रही हैं और पहले भी कई ऑडियो-वीडियो वायरल कर शोषण व धोखाधड़ी के आरोप लगा चुकी हैं। दूसरी ओर, राठौर और उनका परिवार अभिनेत्री पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते रहे हैं। हालिया ऑडियो में अंकिता भंडारी मामले से जुड़े संवेदनशील दावे हैं, जिससे राजनीतिक हलचल मच गई है। राठौर ने कहा, “मेरी आवाज को एआई से क्लोन कर समाज में बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मैं कानून पर पूरा भरोसा रखता हूं, सत्य जल्द सामने आएगा।” उन्होंने इसे गहरा राजनीतिक षड्यंत्र बताया। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है और जांच शुरू कर दी है। यह मामला एआई के दुरुपयोग का एक और उदाहरण बन सकता है, जो राजनीतिक विवादों में नई चुनौती पेश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!