विधानसभा सत्र के बीच धधके गैरसैंण के जंगल, आदि बदरी क्षेत्र में भीषण आग से वन संपदा पर संकट

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र के बीच आसपास के जंगलों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को आदि बदरी क्षेत्र के पास भराड़ीसैण के आसपास के जंगलों में अचानक आग धधक उठी, जिसे तेज हवाओं ने और भड़का दिया। देखते ही देखते आग ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया और कई स्थानों पर जंगल जलते नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैल रही है कि वन विभाग के कर्मचारी भी समय पर उसे नियंत्रित करने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। आग की लपटों और धुएं के गुबार से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे वन संपदा को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग ने पहले जंगलों में आग से निपटने के पुख्ता इंतजाम होने के दावे किए थे, लेकिन मौके पर हालात कुछ और ही दिखाई दे रहे हैं। कई स्थानों पर आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन और कर्मियों की कमी भी सामने आ रही है, जिससे विभाग की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
जंगलों में लगी इस आग से वन्य जीवों के जीवन पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आग पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो इससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो सकता है। विधानसभा सत्र के दौरान पास के जंगलों में लगी आग ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!