हरिद्वार (गौरव कुमार) राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र में वनाग्नि की घटना का मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान आग की चपेट में आए तीन लोगों और एक चीतल शावक को आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर सुरक्षित निकाला।
सुबह 10:30 बजे आपदा कंट्रोल रूम को मनसा देवी पहाड़ी पर आग लगने की सूचना मिली। आपदा प्रबंधन टीम, वन विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के संयुक्त दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। टीम ने मात्र 5 मिनट में तैनाती की और 1 घंटा 45 मिनट में वनाग्नि पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया। अभ्यास में राजाजी पार्क वार्डन अजय लिंगवाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, एसडीओ वन पूनम कैथोला सहित 11 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
वनाग्नि मॉक ड्रिल: मनसा देवी पहाड़ी पर सफल अभ्यास, तीन घायल बचाए गए