HINDUSTAN NEWS TODAY, लक्सर (हरिद्वार): पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने आज यहां गोदावरी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड सरकार से आपदा प्रभावित किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिल तत्काल माफ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण पूरे प्रदेश में भारी तबाही मची है। खासकर गंगा नदी से लगे लक्सर और खानपुर क्षेत्र के गांवों में फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं, पशुधन प्रभावित हुआ और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।
रविंद्र आनंद ने सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जब उत्तराखंड एक ऊर्जा प्रदेश है और बिजली उत्पादन में सक्षम है, तो अपने ही किसानों-ग्रामीणों पर बोझ डालना अमानवीय और जनविरोधी है। उन्होंने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में गरीब जनता से बिजली बिल वसूलना उचित नहीं है। पूर्व मंत्री ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं:
- आपदा प्रभावित सभी किसानों और ग्रामीणों के बिजली बिल तत्काल माफ किए जाएं।
- पुराने बकाया बिलों पर पूर्ण छूट दी जाए।
- भविष्य में आपदा की स्थिति में स्वतः राहत व्यवस्था लागू की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा।