हिन्दुस्तान न्यूज़ टुडे में पढ़े, ऋषिकेश। हीरालाल रोड पर स्थित एक कबाड़ी की दुकान में रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई, जिसमें एक युवक जिंदा जलने की बात सामने आ रही है। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है, जब फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना मिली। तत्काल मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान का शटर बाहर से ताला बंद था, जिसे तोड़कर आग बुझाई गई। इस दौरान दुकान के अंदर एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर एम्स की मोर्चरी में रखवाया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक दुकान के अंदर कैसे पहुंचा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दुकान की ऊपरी खिड़की में ग्रिल नहीं थी, जिसके जरिए संभवत: युवक अंदर घुसा और आग की चपेट में आ गया। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसके बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। फायर अफसर गिरीश लोनी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर सबूत जुटाने में जुटी हैं ताकि इस रहस्यमयी घटना का सच सामने आ सके।