HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने देहरादून के डालनवाला थाने में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर (उर्मिला सुरेश राठौर) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित झूठे ऑडियो-वीडियो वायरल कर भाजपा और उसके वरिष्ठ नेताओं की छवि खराब करने की साजिश रची। दुष्यंत गौतम ने दावा किया कि कांग्रेस, उत्तराखंड क्रांति दल और आम आदमी पार्टी से मिलकर यह सुनियोजित षड्यंत्र किया गया, जिससे राज्य में अशांति और उपद्रव फैलाने का प्रयास हुआ।
पुलिस ने शिकायत पर सुरेश राठौर, उर्मिला सनावर, विपक्षी दलों के पदाधिकारियों और अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गौतम ने इसे अपनी और पार्टी की मानहानि करार देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में भी मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर ऑडियो जारी कर अंकिता भंडारी मामले में कुछ भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। सुरेश राठौर ने इन ऑडियो को एआई जनरेटेड और फर्जी बताया। दोनों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
राजनीतिक गलियारों में इस मामले ने नई हलचल पैदा कर दी है, विपक्ष सीबीआई जांच की मांग कर रहा है जबकि भाजपा इसे छवि धूमिल करने की साजिश बता रही है।