HINDUSTAN NEWS TODAY, धनौरी (हरिद्वार)।उत्तराखंड उर्जा निगम व विजिलेंस टीम ने बृहस्पतिवार को धनौरी क्षेत्र के ग्राम कोटा खेड़ा व कोटा मुरादनगर में संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान दोनों गांवों के कुल 24 घरों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
छापेमारी टीम ने मीटर बाईपास, सीधे हुकिंग, टैंपरिंग सहित विभिन्न तरीकों से की जा रही बिजली चोरी को मौके पर पाया। सभी 24 मामलों का पंचनामा व फोटोग्राफिक साक्ष्य लिया गया है तथा संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना व आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
कार्रवाई में इंस्पेक्टर मारूत शाह, इंस्पेक्टर सरिता भट्ट, एसआई संजीव त्यागी, एई विजिलेंस धनंजय, रोबिन, विकास, एसडीओ अश्वनी कुमार, जई योगेंद्र रावत, जई प्रशांत सैनी सहित बड़ी टीम मौजूद रही।