हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (उत्तरांचल राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ) की हरिद्वार शाखा का त्रिवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन शुक्रवार को गंगा फार्म हाउस, बहादराबाद में लोकतांत्रिक ढंग से सम्पन्न हुआ। रक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अधिवेशन एकता, अनुशासन एवं सामूहिक शक्ति के संदेश के साथ समाप्त हुआ।
जनपद के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कुल 21 पदों पर निर्वाचन सर्वसम्मति से निर्विरोध सम्पन्न हुआ। जिसमें अश्वनी चौहान जिला अध्यक्ष, हेमेन्द्र चौहान जिला महामंत्री और अरविंद शर्मा को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
निर्वाचित अध्यक्ष अश्वनी कुमार ने कहा कि हम निपुण भारत अभियान को गति देंगे, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाएंगे तथा शिक्षकों की हर समस्या के समाधान हेतु प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे। एक साथ मिलकर हम हरिद्वार की प्राथमिक शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला त्रिस्तरीय समिति के अध्यक्ष मुकेश चौहान ने की। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जितेन्द्र वाल्दिया, दीपक सजवान, मनोज तिवारी, मनोज जुगरान, सुरेन्द्र सिंह गुसाईं, अशोक चौहान, रविन्द्र चौहान आदि उपस्थित रहे।
चुनाव : अश्वनी चौहान निर्विरोध चुने गए हरिद्वार शिक्षक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष