हरिद्वार (गौरव कुमार) उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में परीक्षा केंद्र पर हिंदी पेपर के दौरान 8 डमी अभ्यर्थी (4 छात्र और 4 छात्राएं) असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देते पकड़े गए। इनमें एक नाबालिग छात्रा भी शामिल है। घटना ने शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंगलवार को सावित्री शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, रावली महदूद के हाईस्कूल छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में था। परीक्षार्थी परीक्षा देने लगे इस दौरान कक्ष निरीक्षकों को संदेह हुआ जब उन्होंने प्रवेश पत्रों पर लगी फोटो और अभ्यर्थियों के चेहरों का मिलान किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये बाहरी युवक-युवतियां हैं, जिन्हें प्रत्येक 20-20 हजार रुपये देकर असली परीक्षार्थियों की जगह बैठाया गया था। प्रवेश पत्रों पर अलग से फोटो चस्पा कर मोहर लगाई गई थी। ये डमी अभ्यर्थी प्राइवेट स्कूल से आवेदन करने वाले असली छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे। छात्र लक्सर, भगवानपुर, ज्वालापुर, रुड़की और अरावली क्षेत्र से बताए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में धारा 41 सीआरपीसी का नोटिस देकर उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन प्रिंसिपल की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में परवेज और राजकुमार का नाम सामने आया है। पुलिस इस प्रकरण में इन लोगों की गिरफ्तारी करेगी।
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में आठ फर्जी अभ्यर्थी पकड़े, रावली महदूद के सावित्री शिक्षा सदन हाईस्कूल के बताए जा रहे सभी बच्चे, चार लोगों के नाम आए सामने