HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। महाकुम्भ-2027 की तैयारियों के सम्बन्ध में आज सीसीआर सभागार में मेलाधिकारी सोनिका ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि 2027 में आयोजित होने वाले महाकुम्भ मेले को दिव्य एवं भव्य रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ एवं व्यवस्थाएँ युद्धस्तर पर की जा रही हैं। शासन द्वारा कई कार्यों के शासनादेश जारी हो चुके हैं तथा अनेक निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि कई अन्य कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है।
मुख्य निर्माण कार्यों की स्थिति इस प्रकार हैः
सिंचाई विभाग द्वारा घाटों का सुदृढ़ीकरण
ऋषिकुल से साक्षी सतनाम घाट (लक्ष्मण घाट/भरत घाट) तक 810 मीटर लम्बाई का कार्य प्रगति पर।
अमृतपुर घाट से ऋषिकुल पुल-शंकराचार्य चौक (तुलसी घाट) तक 770 मीटर लम्बाई का कार्य प्रगति पर।
धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख कार्य
बहादराबाद-सिडकुल फोरलेन मार्ग (भाईचारा ढाबा से भेल बैरियर नं. 6 होते हुए शिवालिक नगर चौक तक) का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण – टेंडर प्रक्रिया पूर्ण।
राष्ट्रीय राजमार्ग-334 पर पतंजलि योगपीठ से सहदेवपुर-दिनारपुर, सुभाषगढ़ होते हुए पुरकाजी-लक्सर-ज्वालापुर तक तथा आगे राष्ट्रीय राजमार्ग-334ए पर फेरूपुर तक डेढ़ लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण–टेंडर प्रक्रिया गतिमान।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएंगे। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएँ
कुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
जाम से बचाव के लिए बड़े पैमाने पर पार्किंग स्थल चिन्हित किए जा रहे हैं।
मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध निरन्तर अभियान चल रहा है तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कड़ी की जा रही है। मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुंभ मेले को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी स्टेक होल्डर्स के साथ नियमित बैठकें कर उनके सुझाव लिए जा रहे हैं।
अंत में मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि दिव्य एवं भव्य महाकुम्भ के सफल आयोजन के लिए आमजन का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।
इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
“2027 कुंभ को भव्य बनाने की कवायद तेज : घाटों का सुदृढ़ीकरण शुरू, फोरलेन-सड़कें चौड़ी होंगी, अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर”