HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहादराबाद बाईपास पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने रुड़की से हरिद्वार की ओर जा रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चालक की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया और हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज में देरी के कारण ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला और एक बच्चे समेत कुल चार यात्री भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। घटना के बाद बाईपास पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों ने घायलों को सड़क से उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाने में मदद की।
बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में अभी कोई शिकायत नहीं आई है। मृतक चालक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।