हरिद्वार : सिडकुल-बहादराबाद रोड पर नशे में धुत कार सवारों ने मचाया हंगामा, होटल संचालक-पत्रकार सरफराज व स्टाफ के साथ मारपीट, कर्मचारी का सिर फूटा

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। सिडकुल-बहादराबाद रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामा मच गया जब नशे में धुत कार सवारों ने तेज रफ्तार से होटल के बाहर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में सवार तीन युवकों ने होटल कर्मचारियों से अभद्रता की। मामला बढ़ा तो सलेमपुर निवासी इन युवकों ने फोन करके लगभग 20 लोगों की भीड़ बुला ली और होटल संचालक व स्टाफ के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी।

होटल संचालक व स्थानीय पत्रकार सरफराज ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उनसे भी हाथापाई की गई। हमलावरों ने कर्मचारी यूसुफ का सिर फोड़ दिया, जबकि महिला कर्मचारियों को भी अंदरूनी चोटें आईं। घटना रात करीब सवा नौ बजे की है। सूचना मिलने के बावजूद रानीपुर पुलिस मौके पर 45 मिनट देरी से पहुंची। तब तक हमलावर अंजाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो चुके थे।

पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पत्रकार सरफराज ने कार में सवार तीनों युवकों के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद आरोपियों के परिजन भी होटल पहुंचे और दोबारा धमकी देकर चले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!