हरिद्वार। बिनारासी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के बाद हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में युवती से संबंध को लेकर उपजे विवाद को हिंसा की वजह बताया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विशाल को शक था कि मृतक आनंद के उसकी बहन से संबंध हैं। इसी संदेह में विशाल ने परिजनों व साथियों के साथ मिलकर आनंद पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आनंद पक्ष के लोगों ने जवाबी कार्रवाई में विशाल के चाचा मांगेराम की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तोड़फोड़ और आगजनी हुई, जिससे तनाव फैल गया।
दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर में क्रॉस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि विशाल की निशानदेही पर अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।