देहरादून (गौरव कुमार) उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने अपने पास कई अहम और प्रभावशाली विभाग रखे हैं, जिनमें गृह, वित्त, ऊर्जा, औद्योगिक विकास, राजस्व, पेयजल, आवास और आबकारी जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय शामिल हैं। इसके अलावा कार्मिक, सतर्कता, सचिवालय प्रशासन और सूचना विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे।
सरकार के वरिष्ठ मंत्री सतपाल महाराज को लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, पर्यटन, संस्कृति, धर्मस्व, सिंचाई एवं सामान्य प्रशासन जैसे प्रमुख विभाग सौंपे गए हैं। वहीं कृषि एवं कृषक कल्याण के साथ सैनिक कल्याण की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।
डॉ. धन सिंह रावत को शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं, जिनमें विद्यालयी शिक्षा (बेसिक एवं माध्यमिक), उच्च शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता शामिल हैं।
सुबोध उनियाल को वन, निर्वाचन, संसदीय कार्य और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रेखा आर्य को महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, खेल और युवा कल्याण विभाग दिए गए हैं।
अन्य मंत्रियों में सौरभ बहुगुणा को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन और कौशल विकास, जबकि खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और छात्र कल्याण विभाग सौंपे गए हैं।
इसके अलावा भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास एवं लघु उद्योग, प्रदीप बत्रा को पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन एवं आयुष, तथा राम सिंह कैड़ा को शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से जुड़े विभाग दिए गए हैं।
मंत्रिमंडल में विभागों के इस बंटवारे को संतुलित और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राज्य के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।