फाइनल में देहरादून की धमाकेदार जीत, हरिद्वार पुलिस के खिलाड़ियों का दबदबा, तीन प्रमुख व्यक्तिगत पुरस्कार जीते,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। हरिद्वार में 16 दिसंबर से शुरू हुई चार दिवसीय 14वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2025 का आज भल्ला स्टेडियम में विधिवत समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों की कुल 20 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला जनपद हरिद्वार और जनपद देहरादून पुलिस टीम के बीच खेला गया, जिसमें देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया और अपनी बादशाहत बरकरार रखी।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) सुनील कुमार मीणा रहे। आयोजन सचिव एवं एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। बैंड की धुन पर परेड के बाद मुख्य अतिथि एवं एसएसपी ने विजेता देहरादून टीम को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए, जबकि उपविजेता हरिद्वार टीम को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उत्तराखंड पुलिस ध्वज आयोजन सचिव को सौंपकर प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। इसके पश्चात सभी अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं स्टाफ ने जलपान ग्रहण किया।

फाइनल में देहरादून की धमाकेदार जीत, हरिद्वार को दी 84 रनों से मात

फाइनल मैच में देहरादून पुलिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 184 रन बनाए। जवाब में हरिद्वार पुलिस महज 100 रनों पर सिमट गई, जिससे देहरादून ने 84 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। भल्ला स्टेडियम इस ऐतिहासिक जीत का साक्षी बना।

हरिद्वार पुलिस के खिलाड़ियों का दबदबा, तीन प्रमुख व्यक्तिगत पुरस्कार जीते

हालांकि टीम फाइनल हार गई, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में हरिद्वार पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बल्लेबाज का खिताब नरेंद्र सिंह (हरिद्वार) ने जीता। बेस्ट बॉलर का पुरस्कार ललित चौहान (हरिद्वार) और बेस्ट कीपर/बेस्ट फील्डर का सम्मान रणवीर सिंह (हरिद्वार) को मिला। इन उपलब्धियों से हरिद्वार पुलिस ने व्यक्तिगत श्रेणी में अपना दबदबा साबित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!