HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। भाजपा नेता भोला शर्मा की पत्नी नीलम शर्मा के साथ पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठग सौरव मित्रा ने खुद को महिला सारथी योजना का अधिकारी बताकर नीलम को हरिद्वार में योजना का पार्टनर बनाने का लालच दिया। इस योजना की शुरुआत मार्च में हुई थी, जिसके तहत गरीब महिलाओं को सौ गाड़ियां दी जानी थीं और निवेशकों को सात प्रतिशत मुनाफा देने का वादा किया गया था।
सौरव ने मुख्यमंत्री और मंत्री रेखा आर्य के फोटो दिखाकर नीलम का विश्वास जीता और पांच लाख रुपये ले लिए। इस मुलाकात में देहरादून के एक बड़े भाजपा नेता की भूमिका भी सामने आई है। ठगी का खुलासा होने पर नीलम ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद केस दर्ज कर लिया गया। मामला सामने आने से हरिद्वार भाजपा इकाई में हड़कंप मच गया है। सवाल उठ रहे हैं कि देहरादून के कौन से नेता इस ठगी में शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।