HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिले के ग्राम माजरी, बेड़पुर व मुकर्रबपुर में अवैध खनन माफिया बेखौफ होकर गंगा नदी से चोरी का बजरी-गिट्टी लादकर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रालियाँ गाँव की संकरी गलियों से दिन-रात फुल स्पीड दौड़ा रहे हैं। विभागीय चेकिंग व रवन्ना सिस्टम की आँखों में धूल झोंकने के लिए माफिया जानबूझकर मुख्य मार्ग छोड़कर गाँव के अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुबह स्कूल जाने के समय और शाम को बच्चे खेलते वक्त ये मौत बनकर दौड़ती ट्रालियाँ हर पल बड़ा हादसा न्योता दे रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कई बार इन ओवरलोड वाहनों से दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई है। संकरी गलियाँ और क्षतिग्रस्त सड़कें स्थिति को और भयावह बना रही हैं। बच्चों के अभिभावक दहशत में हैं कि कब कोई अनहोनी हो जाए। खासकर तब जब बच्चे सड़कों पर खेलते रहते हैं।
दूसरी तरफ अवैध खनन से सरकार को हर महीने करोड़ों रुपए का राजस्व नुकसान हो रहा है। रॉयल्टी, जीएसटी और परमिट शुल्क से वंचित खजाने की भरपाई कोई नहीं कर रहा, जबकि माफिया रातोंरात मालामाल हो रहे हैं। पुलिस-खनन विभाग की मिलीभगत के आरोप भी लग रहे हैं, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में ट्रालियाँ बिना किसी रोक-टोक के गाँवों से गुजर रही हैं।
ग्रामीणों की माँग है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए, गाँव की गलियों में भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगे, ओवरलोड ट्रालियाँ जब्त हों और माफिया पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, ताकि बच्चों की जान बच सके और सरकार का राजस्व भी सुरक्षित रहे।