हरिद्वार (गौरव कुमार) जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने विद्युत विभाग पर मनमानी और महंगी बिजली के आरोप लगाते हुए दूधियाबंद भूपतवाला स्थित बिजली घर पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि उत्तराखंड बिजली उत्पादक प्रदेश होने के बावजूद भाजपा सरकार आम जनता को महंगी बिजली थोप रही है। इस वर्ष बिजली बिलों में कोई छूट न देकर सरकार ने जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महज 5000 रुपये का बिल जमा न करने पर विभाग उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने अपना रवैया नहीं बदला तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
जिला महानगर कांग्रेस महासचिव कैलाश भट्ट और युवा नेता अजय गिरी ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी आमजन के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महासचिव राजीव भार्गव और तरुण व्यास ने कहा कि अन्य प्रदेशों की भाजपा सरकारें कई यूनिट फ्री बिजली दे रही हैं, लेकिन उत्तराखंड में जनता के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। पार्षद महावीर वशिष्ठ और हिमांशु गुप्ता ने कहा कि चुनावी वर्ष में भी छूट न देकर भाजपा ने साबित कर दिया कि वह चंद उद्योगपतियों की सरकार है। एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा और यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम जोशी ने कहा कि महंगी बिजली से परेशान जनता अब इस सरकार की विदाई का मन बना चुकी है।
प्रदर्शन में नागेश रावत, रितेश पांडेय, मोहित अरियाल शर्मा समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, भूपतवाला बिजली घर पर धरना प्रदर्शन