HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। ऋषिकुल मैदान में 2 से 8 दिसंबर तक आयोजित सात दिवसीय सहकारिता मेले के छठे दिन रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि उत्तराखंड के सहकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ जिसमें पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक प्रदीप चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी, पूर्व प्रशासक प्रहलाद सिंह, बलवंत सिंह चौहान एवं सुभाष चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री जमदग्नि ने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। सरकार किसानों, कमजोर वर्गों एवं महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है जिनका लाभ सहकारी समितियों के माध्यम से सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। अन्य अतिथियों ने भी सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण पर जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डैम किड्स पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने “सहकारिता” तथा “विविधता में एकता” विषय पर मनमोहक नृत्य एवं गायन प्रस्तुत किया। चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सचिव/महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक सौ सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मेले में इफ्को, टाइफेड, पतंजलि, बागवानी विभाग, होम्योपैथी चिकित्सा एवं सैकड़ों स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगे हैं जहां जैविक उत्पाद, हस्तशिल्प, मसाले, अचार एवं देसी व्यंजनों की भरमार है। बच्चों के लिए झूले एवं खेलकूद की व्यवस्था भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा एवं सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह ने संयुक्त रूप से किया।