देहरादून (गौरव कुमार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खटीमा के नौगवाठग्गू स्थित श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में भाग लिया। इस समारोह में 41 निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया, बधाई दी और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह समाज में समानता और सादगी को बढ़ावा देता है तथा अनावश्यक व्यय को कम करने में सहायक होता है। उन्होंने विवाह को जन्म-जन्मांतर का पवित्र रिश्ता बताते हुए नवदंपतियों से आपसी विश्वास, सम्मान और मजबूत गृहस्थ जीवन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बेटियों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया, जैसे नंदा गौरा योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना, शादी अनुदान तथा सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण। महिलाओं की सुरक्षा के लिए यूसीसी जैसे समानता व सुरक्षा कानून लागू करने का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन से जुड़े व्यक्तियों, संस्थाओं और आयोजकों को बधाई व धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विवाह केवल वर-वधु को नहीं, बल्कि दो परिवारों को जोड़ता है। इस मांगलिक अवसर पर शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने मंदिर प्रांगण के सौंदर्यकरण के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति आदि उपस्थित रहे।