हरिद्वार (गौरव कुमार) ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस 2022 बैच के छात्र यशपाल की मौत ने हंगामा मचा दिया। 12 फरवरी को छात्र ने गंगा नहर में कूदकर कथित आत्महत्या की। 14 फरवरी को बहादराबाद के पथरी पावर हाउस पास उसका शव मिला।
पुलिस को सुसाइड नोट मिला, जिसमें छात्र ने कॉलेज प्रशासन पर परीक्षा में बार-बार देरी, अनियमित शेड्यूल, अव्यवस्था और छात्रों की उपेक्षा के गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि परीक्षा का कोई निश्चित समय नहीं, बैक पेपर वाले छात्रों को डेढ़ साल बाद परीक्षा दिलाई जाती है, जिससे दोहरी परीक्षा का दबाव पड़ता है और मानसिक तनाव बढ़ता है।
शव मिलने के बाद बीएएमएस विभिन्न बैचों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया, मुख्य द्वार पर तालाबंदी की और ओपीडी भी बंद करा दी। अन्य कॉलेजों के छात्र भी शामिल हुए। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार गक्खड़ ने परीक्षा दबाव का जिक्र किया और उच्च अधिकारियों को सूचित करने की बात कही। छात्रों ने डीएम और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।