ब्रेकिंग न्यूज़: रुड़की के लंढौरा में पेड़ पर फंसा गुलदार, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। रुड़की क्षेत्र के रनसुरा गांव (लंढौरा) में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में एक ऊंचे पॉपुलर पेड़ पर एक गुलदार उल्टा लटका हुआ मिला। लगभग 4 वर्षीय नर गुलदार का पिछला पैर शिकारियों द्वारा लगाए गए लोहे के फंदे (स्नेयर ट्रैप) में फंस गया था, जिसके कारण वह टहनी में उलझकर 5-6 घंटे तक छटपटाता रहा।

ग्रामीणों ने गुलदार को देखते ही दहशत फैल गई और देखते-देखते मौके पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ के शोर-शराबे से गुलदार लगातार छटपटाता रहा, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग की टीम के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई।

हरिद्वार रेंज की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत की। पहले गुलदार को ट्रैंकुलाइजर (बेहोशी का इंजेक्शन) दिया गया, फिर पेड़ काटकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। अंत में गुलदार को पिंजरे में बंद कर रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के बाद भी सैकड़ों ग्रामीण वन विभाग की गाड़ी के पीछे-पीछे चलते रहे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। अंततः गुलदार को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!