HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के पथरी रोह पुल के पास लगभग दो बीघा सिंचाई विभाग की जमीन पर बने अवैध धर्मस्थल को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन प्रशासन ने साफ लहजे में कहा-सरकारी संपत्ति पर कब्जा बर्दाश्त नहीं!
कार्रवाई का पूरा ब्योरा:
सिंचाई विभाग ने कई दिनों पहले दरगाह प्रबंधकों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन तय समय सीमा में कोई कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी के आदेश पर बुलडोजर तैनात कर दिया गया। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर तक पूरी हो गई। वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि बुलडोजर की दहाड़ के आगे अवैध निर्माण धूल उड़ाता नजर आया। कोई हादसा न हो, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में तनाव का माहौल था, लेकिन प्रशासन की सतर्कता से सब शांतिपूर्ण रहा।
धामी सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ पॉलिसी:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों पर उत्तराखंड भर में अवैध धार्मिक ढांचों के खिलाफ अभियान जोर शोर से चल रहा है। हरिद्वार में ही अब तक 10 से अधिक अवैध धर्मस्थल और मदरसे ध्वस्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है – “चाहे कोई भी हो, सरकारी जमीन पर बिना अनुमति कोई ढांचा नहीं बचेगा। अगली कार्रवाई और सख्त होगी!” यह अभियान सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है, जो सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण हटाने पर जोर देता है।