मनोज धनगर की ‘घर वापसी’ पर ब्रेक, कांग्रेस कार्यक्रम अचानक स्थगित, समर्थकों में मायूसी

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) आखिरकार मनोज धनगर की कांग्रेस में ‘घर वापसी’ राजनीति की भेंट चढ़ गई। देहरादून में 23 फरवरी को प्रस्तावित भव्य कार्यक्रम, जिसमें बड़े स्तर पर कार्यकर्ताओं का काफिला और जोरदार स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, अचानक स्थगित कर दिया गया।
मनोज धनगर, जो पहले कांग्रेस से जुड़े रहे और अब वापसी की कगार पर थे। मनोज धनगर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पानी फिर गया। पिछले दो महीनों से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही थी, लेकिन एक दिन पहले और मौके पर पार्टी के ही कुछ नाराज पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, जिससे ब्रेक लग गया।
कार्यक्रम स्थगित होने से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। विशेष रूप से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान भाजपा विधायक आदेश चौहान को टक्कर देने वाले मजबूत दावेदार के रूप में देखे जा रहे मनोज धनगर अब बैकफुट पर आ गए हैं। स्थानीय कांग्रेस में असंतोष बढ़ा है कि धनगर ने जिले के पुराने पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर सीधे उच्च स्तर के नेताओं से संपर्क साधा, जिससे नाराजगी भड़की।
मनोज धनगर ने पुष्टि की कि कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नई रणनीति बनाई जा रही है, लेकिन स्थगित करने के कारणों पर उन्होंने स्पष्ट टिप्पणी से परहेज किया और पल्ला झाड़ लिया। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, पार्टी के आंतरिक विरोध और समन्वय की कमी मुख्य वजह बनी।
कांग्रेस के लिए यह झटका बड़ा है, क्योंकि यह घटना पार्टी में एकजुटता की कमी को उजागर करती है। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या मनोज धनगर की वापसी कुछ समय बाद संभव होगी या आंतरिक कलह इसे और टाल देगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!