पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी में होली के रंग में खून की छींटें, मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) होली के उत्साह के बीच हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर कुंडी गांव में बुधवार को भयावह मारपीट की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। होली खेलते समय दो पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से जमकर हमला किया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, करीब 50 से अधिक लोगों की भीड़ आपस में भिड़ गई। मारपीट के दौरान महिलाओं की मौजूदगी भी कैमरे में कैद हुई, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पथरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुरानी रंजिश या त्योहार के दौरान छोटी बात को लेकर विवाद हिंसक हो गया। इलाके में तनावपूर्ण माहौल है, इसलिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
एसपी सिटी अभय सिंह ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!