जमीन कब्जे जांच के दौरान फायरिंग: भाजयुमो मंत्री पर आरोप, लाइसेंसी हथियार से दावा सेल्फ डिफेंस

Listen to this article

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के दौरान बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें गोलीबारी हो गई। इस घटना में दो लोगों को गोली लगी, जिनकी हालत गंभीर है।

प्रशासनिक टीम गांव पहुंची थी, जहां अतुल चौहान और भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान एक पक्ष से थे, जबकि हरिद्वार जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान दूसरे पक्ष से। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। अमित चौहान के भाई सचिन चौहान को पेट में गोली लगी, जबकि उनके मामा किशनपाल (कृष्णपाल) के हाथ या पैर में गोली लगी। दोनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया।

अमित चौहान का आरोप है कि अतुल, तरुण, अभिषेक, गौरव समेत 5-6 लोगों ने हमला किया और गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर भी फायरिंग हुई, लेकिन वे बच गए।

दूसरे पक्ष से अतुल चौहान ने वीडियो जारी कर सफाई दी कि वे सरकारी भूमि पर अवैध कॉलोनी बनाने की शिकायत पर जांच के लिए आए थे। जांच टीम पहुंचने पर दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किया। खुद की जान बचाने के लिए उन्होंने लाइसेंसी हथियार से सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई। बाद में अतुल चौहान थाने पहुंचे, जहां उन्होंने अपना लाइसेंसी हथियार जमा कराया और आत्मसमर्पण कर दिया।

मौके से चार कारतूस के खोखे बरामद हुए। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यह जमीन विवाद से जुड़ा मामला है, जिसमें अमित चौहान द्वारा उषा टाउनशिप विकसित की जा रही है और अतुल चौहान ने न्यायालय में पीआईएल दाखिल की थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली, लेकिन जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!