हरिद्वार (गौरव कुमार) केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हो गई है।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में पंचांग गणना और पारंपरिक रीतियों के अनुसार यह घोषणा की गई।
यह पांचवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शीतकालीन गद्दीस्थल से भगवान की पंचमुखी डोली 19 अप्रैल को प्रस्थान करेगी, विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 21 अप्रैल को धाम पहुंचेगी। इसके बाद शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और रीति-रिवाजों के साथ द्वार खोले जाएंगे। 22 अप्रैल 2026, बुधवार को सुबह 8 बजे वृष लग्न में केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत इसी से होगी, जबकि गंगोत्री-यमुनोत्री अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) और बदरीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे। हजारों शिवभक्तों का इंतजार अब समाप्त हो गया है। बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालु तैयारियां शुरू कर सकते हैं।