HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए खनन विभाग, सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लगातार निगरानी रखने के आदेश दिए हैं।जिला खान अधिकारी मोहम्मद काजिम खान के नेतृत्व में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की टीम ने तहसील लक्सर के ग्राम रामपुर रायघटी और भिक्कमपुर जीतपुर क्षेत्र में औचक छापेमारी की।लोगों का आरोप है कि लक्सर में छोटे रिटेल भंडारणों पर तुरंत कार्रवाई हो रही है, लेकिन सिडकुल-बहादराबाद रोड पर बड़े और प्रभावशाली लोगों द्वारा संचालित भंडारणों को संरक्षण प्राप्त है, इसलिए प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। लक्सर में एक दूरभाष शिकायत पर की गई इस कार्रवाई में आठ रिटेल भंडारणों (स्टॉक यार्ड) का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि ये सभी भंडारण गंगा नदी से अवैध रूप से निकाली गई रेत रख रहे थे और वैध ई-रवन्ना नहीं दिखा सके।
टीम ने तत्काल प्रभाव से सभी आठ रिटेल भंडारणों को सीज कर दिया तथा उनके ई-रवन्ना पोर्टल की आईडी को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि इसी जनपद में सिडकुल-बहादराबाद मुख्य मार्ग पर पिछले कई महीनों से कई बड़े अवैध रेत-गिट्टी भंडारण खुलेआम चल रहे हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बार-बार खनन विभाग, एसडीएम कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय में लिखित एवं मौखिक शिकायतें की हैं, लेकिन आज तक एक भी भंडारण पर खनन विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इन अवैध भंडारणों से रोजाना सैकड़ों ट्रक अवैध रेत-बजरी की सप्लाई सिडकुल की फैक्ट्रियों और निर्माण कार्यों में हो रही है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व नुकसान हो रहा है।